लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | आर एन सांवरिया
राज्य कर विभाग के आयुक्त कुमार पाल गौतम के निर्देशानुसार विभाग ने पान मसाला और ग्रेनाइट के अवैध परिवहन के खिलाफ सघन जांच में सफलता हासिल की है। 26 दिसंबर से 31 दिसंबर तक विभिन्न राजमार्गों पर आकस्मिक जांच के दौरान विभाग की टीमों ने 13 वाहनों को जब्त किया।
जाँच में पाया गया कि अधिकांश वाहनों में बिना दस्तावेज़ (बिल, ई-वे बिल आदि) के माल परिवहन किया जा रहा था। कुछ वाहनों में कर मुक्त माल के दस्तावेज बनाकर पान मसाला और कुछ में गलत माल विवरण दिखाकर अवैध परिवहन किया गया। वहीं, कुछ वाहनों में माल के प्राप्तकर्ताओं के पते भी गलत पाए गए।
यह कार्रवाई सीकर, जयपुर, भरतपुर और अन्य क्षेत्रों में की गई। जब्त माल और वाहनों का मूल्यांकन किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
मुख्य आयुक्त ने विभाग के अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर और सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि राजस्व हानि को रोका जा सके।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में विभाग ने आयरन स्टील, रियल एस्टेट और माइनिंग सेक्टर में कार्रवाई कर लगभग 450 करोड़ रुपए की कर चोरी उजागर की थी। इसके साथ ही पान मसाला, सुपारी, स्क्रैप और मार्बल के 28 वाहनों को भी जब्त किया गया था।