लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर ।
राजस्थान में ग्रामीण इलाकों के लिए बड़ी सौगात लेकर राजस्थान रोडवेज अगले महीने अक्टूबर से ‘आपणी बस’ सेवा शुरू करने जा रहा है। केसरिया रंग की ये बसें 362 रूटों पर चलाई जाएंगी, जिनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को ब्लॉक और ज़िला मुख्यालय से जोड़ना है। योजना के तहत 2100 ग्राम पंचायतों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पहले चरण में 25 बसें शुरू की जाएंगी।
पहले बंद हुई थी ग्रामीण बस सेवा
राजस्थान में पहले भी ग्रामीण बस सेवा चलाई जा चुकी थी, लेकिन 2016 में इसे बंद कर दिया गया था। इसके बाद कई बार इसे दोबारा शुरू करने की कोशिशें हुईं, मगर बाधाओं के चलते यह संभव नहीं हो पाया। 2024-25 के बजट में भजनलाल सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए परिवहन सेवा को मज़बूत करने की घोषणा की थी, जिसके तहत अब ‘आपणी बस’ योजना को अमल में लाया जा रहा है।
निजी बसें, पर नियंत्रण सरकार का
इस योजना में रोडवेज ने निजी बस संचालकों से साझेदारी की है। बसें निजी होंगी, लेकिन सेवा का संचालन और नियंत्रण राजस्थान रोडवेज के पास रहेगा। परमिट रोडवेज द्वारा ही जारी किए जाएंगे। चालक और परिचालक निजी संचालकों के होंगे, जबकि बसें रोडवेज के नियमित बस स्टैंड से ही चलेंगी।
सस्ती सेवा, यात्रियों को विशेष छूट
‘आपणी बस’ सेवा में यात्रियों से मात्र ₹1.50 प्रति किलोमीटर की रियायती दर से किराया लिया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं और बुजुर्गों को अन्य रोडवेज सेवाओं की तरह छूट प्रदान की जाएगी। ये बसें 22 से 45 सीटर तक होंगी और आधुनिक तकनीकों से लैस रहेंगी, जिनमें जीपीएस, पैनिक बटन, ट्रैकिंग सिस्टम जैसी सुविधाएँ शामिल होंगी।
ग्रामीण कनेक्टिविटी की दिशा में बड़ा कदम
इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और प्रशासन तक पहुँच आसान होगी। पंचायत स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक संपर्क बढ़ेगा, जिससे ग्रामीणों की दैनिक ज़रूरतें पूरी करना सरल होगा।
राजस्थान रोडवेज की यह पहल राज्य के दूरदराज़ इलाकों में परिवहन की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
