लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा | राजसमंद
राजसमंद। राजसमंद जिले की ग्राम पंचायत लोढ़ीयाना के वीरवास गांव की होनहार बेटी नेहा आमेटा ने राजस्थान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा में महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। नेहा ने ऑल राजस्थान रैंक 15 हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
गांव में खुशी की लहर
नेहा आमेटा (पिता विनोद आमेटा) की इस ऐतिहासिक सफलता से वीरवास गांव में हर्षोल्लास का माहौल है। ग्रामवासियों ने नेहा का तिलक कर, शॉल व उपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया। साथ ही गुड़ व मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीणों और शिक्षकों ने दी बधाई
सम्मान समारोह में भंवरलाल आमेटा, जगनाथ, भगवती लाल, धनश्याम आमेटा, श्यामलाल लोहार, भेरूलाल गाडरी, चंद्रा देवी, गीता देवी, कुलदीप, रिद्धि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसके अलावा वरिष्ठ अध्यापक किशनलाल कुमावत, रतनलाल जाट, सविता, पूजा सहित अन्य शिक्षकों व ग्रामीणों ने नेहा की उपलब्धि को गांव की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मेहनत और अनुशासन से मिली सफलता
नेहा आमेटा ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत और अनुशासन को दिया। उन्होंने बताया कि घरेलू कार्यों के साथ समय निकालकर प्रतिदिन लगभग 10 घंटे नियमित अध्ययन किया। उनकी यह उपलब्धि आज ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए मिसाल बन गई है।
