लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद बार एसोसिएशन के चुनाव में अधिवक्ता जयदेव कच्छावा ने एक बार फिर जीत दर्ज करते हुए लगातार छठी बार अध्यक्ष पद हासिल किया है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही न्यायालय परिसर में जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों और सहयोगी अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों का माला पहनाकर और मिठाइयां बांटकर स्वागत किया।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। मतदान के बाद हुई मतगणना में जयदेव कच्छावा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 8 मतों के अंतर से पराजित किया। उनकी इस जीत को अधिवक्ता समुदाय के भरोसे, नेतृत्व क्षमता और लंबे अनुभव का परिणाम माना जा रहा है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष जयदेव कच्छावा ने जीत के बाद कहा कि वे बार एसोसिएशन के हितों की रक्षा, अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं, समर्थकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ताओं, युवा वकीलों और अन्य गणमान्यजनों की उपस्थिति रही। चुनाव परिणामों के बाद कोर्ट परिसर में देर शाम तक उत्सव का माहौल बना रहा।