Home latest पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती समारोह

पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती समारोह

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श विकसित भारत और विकसित राजस्थान की नींव : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

 समाज के छात्रावास हेतु जयपुर में भूमि उपलब्ध कराने का किया आश्वासन-

 मुख्यमंत्री 

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर ने सेवा, न्याय और लोककल्याण को शासन का आधार बनाया। उनका जीवन शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त मातृशक्ति के महत्व का प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्श विकसित भारत और विकसित राजस्थान की मजबूत नींव हैं।

मुख्यमंत्री रविवार को जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के प्रदेश स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने समाज के छात्र-छात्राओं के लिए जयपुर में छात्रावास निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने काशी विश्वनाथ मंदिर सहित देशभर के अनेक धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने धर्म और आस्था के साथ-साथ प्रशासनिक दक्षता तथा सैन्य नेतृत्व का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। महिला सैन्य टुकड़ी का गठन उनकी दूरदर्शी सोच का परिचायक था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया दौर शुरू हुआ है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ धाम पुनर्विकास, महाकाल लोक और सोमनाथ स्वाभिमान पर्व जैसे कार्य भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समाज के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। बजट में इन समाजों के बच्चों के लिए ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ योजना की घोषणा की गई है। साथ ही महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रमुख आस्था स्थलों के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक 91 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा कराई जा चुकी है। इस वर्ष 50 हजार वरिष्ठजनों को एसी ट्रेन तथा 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से पशुपतिनाथ (नेपाल) की यात्रा कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पशुपालकों और किसानों के हित में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गोपाल क्रेडिट कार्ड, पशु बीमा योजना, मोबाइल वेटरनरी यूनिट और दुग्ध उत्पादन प्रोत्साहन जैसी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। राजस्थान आज दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।

समारोह में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर अहिल्याबाई होल्कर के वंशज उदय सिंह राजे होल्कर, दुष्यंत सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version