लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
संवाददाता: नवीन शर्मा | लोकेशन: सपोटरा
करौली। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन स्मैक आउट के तहत सपोटरा पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त दो तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4.93 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है।
सपोटरा थाना अधिकारी अभिजीत मीणा के अनुसार, पुलिस टीम रानेटा घाटी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
-
समयराज मीणा, पुत्र प्रसादी मीणा
-
लखन मीणा, पुत्र बत्ती लाल मीणा
पुलिस ने आरोपियों से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनका उपयोग अवैध स्मैक कारोबार में किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल एवं भरतपुर रेंज के आईजी कैलाश बिश्नोई के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ जारी रखे हुए है।
