लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीसलपुर जल आपूर्ति को लेकर ग्रामोत्थान शिविर में हंगामा
उनियारा। (दुर्योधन मयंक) उपखंड क्षेत्र की पलाई ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्रामोत्थान शिविर के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब ग्रामीणों ने बीसलपुर पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या को लेकर देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक गुर्जर ने मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट करने को कहा। इस दौरान बीसलपुर जल आपूर्ति से जुड़े सहायक अभियंता (एईएन) अंकित सैनी शिविर में अनुपस्थित पाए गए। अधिकारी की अनुपस्थिति को विधायक ने घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताया।
विधायक राजेंद्र गुर्जर ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर उपस्थित उपखंड अधिकारी (एसडीओ) पूजा मीणा को एईएन के खिलाफ तुरंत नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत समस्या में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर तहसीलदार पूजा मीणा, विकास अधिकारी (बीडीओ) शंकर लाल, मंडल अध्यक्ष महावीर गुर्जर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।