लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोहरा और बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानों के चेहरे खिले
पादूकलां (नागौर)।
नववर्ष 2026 की शुरुआत मेड़ता विधानसभा क्षेत्र में बदले हुए मौसम के मिजाज के साथ हुई। पादूकलां, रियांबड़ी सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में हल्की बारिश के बाद घना कोहरा और शीतलहर छा गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। हालांकि, यही मौसम किसानों के लिए राहत की सौगात बनकर आया है।
नववर्ष के पहले दिन रात को रुक-रुक कर हुई हल्की बारिश के बाद अलसुबह क्षेत्र में घना कोहरा छा गया। सड़कों और गलियों में नमी के साथ जगह-जगह पानी जमा नजर आया, वहीं कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई। हालात ऐसे रहे कि कुछ ही दूरी पर सामने से आने-जाने वाले वाहन भी साफ नजर नहीं आए।
घने कोहरे की मोटी चादर के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलते दिखाई दिए, जबकि बाइक सवार गर्म कपड़ों में लिपटे और चेहरे ढंके हुए नजर आए।
हालांकि ठंड, बारिश और कोहरे के चलते आमजन के लिए यह मौसम परेशानी भरा रहा, लेकिन किसानों के लिए यह मौसम खुशखबरी लेकर आया है। हल्की बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे रबी की फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसी कारण ग्रामीण अंचलों में किसानों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलकती नजर आई।