लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विद्यार्थियों ने निकाली रैली और ली मतदान की शपथ
नैनवां (बूंदी)। आगामी चुनावों को लेकर मतदाताओं को जागरूक बनाने के उद्देश्य से भगवान आदिनाथ जयराज मारवाड़ा राजकीय महाविद्यालय, नैनवां में गुरुवार को स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर तथा जिला निर्वाचन अधिकारी बूंदी के निर्देशों की अनुपालना में किया गया।
कार्यक्रम के तहत आयोजित गोष्ठी में निर्वाचन साक्षरता क्लब के नोडल प्रभारी कुलतार मीणा एवं कार्यालय लिपिक सुहेल राजा ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के विद्यार्थियों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान अवश्य करने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों से अपने गांव, मोहल्ले और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की।
गोष्ठी के बाद महाविद्यालय प्रभारी अधिकारी सुनील मीणा ने विद्यार्थियों को मतदाता शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के धर्म, जाति, वर्ग, भाषा, समुदाय या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया।
इसके पश्चात महाविद्यालय परिसर से आवासन मंडल नैनवां तक मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने मतदान जागरूकता संबंधी नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डॉ. जगदीश प्रसाद मीणा, गुलाब चंद वर्मा, डॉ. श्याम सुंदर पारीक, डॉ. जगदीश प्रसाद शर्मा, अनिता गोस्वामी, राकेश महावर, विनोद कुमार शर्मा, मुराद अली सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
