लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने का दिया संदेश
नागौर । (प्रदीप कुमार डागा) राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार संचालित “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” का जिला स्तरीय शुभारंभ सोमवार को उत्साहपूर्वक किया गया। अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, जल संचय और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन को जल बचाने के लिए प्रेरित किया गया।
सरोवर पूजन और पौधारोपण के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत सरोवर पूजन एवं पौधारोपण के साथ हुई। मुख्य वन संरक्षक आईएफएस हनुमानराम ने कहा कि गंगा के जल को वंदन करने की भावना के साथ प्रत्येक जल स्रोत का संरक्षण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जहां भी जल है, उसे गंगा का स्वरूप मानकर उसकी रक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण राम नाम के स्मरण के समान है और इसे जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। जल ही मानव जीवन और ऊर्जा का मुख्य स्रोत है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जल संचय और संरक्षण की दिशा में कार्य करना चाहिए।
समाज को भी निभानी होगी जिम्मेदारी
पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी ने कहा कि पहले गांवों में लोग सामूहिक रूप से जल स्रोतों के संरक्षण का कार्य करते थे, लेकिन अब लोग पूरी तरह सरकार पर निर्भर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य हो रहे हैं, लेकिन समाज को भी आगे आकर जल संरक्षण को अपने व्यवहार में शामिल करना होगा।
उन्होंने लोगों से पानी का दुरुपयोग रोकने और समझदारी से जल बचाने की अपील की।
“पानी बचाएंगे तो जीवन बचेगा” का दिया संदेश
रेवंतराम डांगा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जल संरक्षण एवं पौधारोपण अभियान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार गिरते जल स्तर को बचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने आमजन से जल का सदुपयोग करने, वर्षा जल संरक्षण अपनाने तथा “पानी बचाएंगे तो जीवन बचेगा” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
छात्र-छात्राओं के साथ किया पौधारोपण
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
अंत में उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर ने आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन शरद कुमार जोशी ने किया।
इस अवसर पर नागौर उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर, पदम सारस्वत, पुष्पा बागड़िया, शंकरलाल परिहार, राजाराम चौधरी, पद्मचंद प्रजापत, मनीष काला, हरिराम पंवार, रामचंद्र धुंधवाल, रमेश अपूर्वा, शिव कुमार राव और नंदकिशोर जांगीड सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।