Home latest राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की अध्यक्षता में 27 मई को आयोजित होगा डॉ....

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की अध्यक्षता में 27 मई को आयोजित होगा डॉ. भीमराव अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क


केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल एवं उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा करेंगे शिरकत

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े की अध्यक्षता में 27 मई को डॉ. भीमराव अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर द्वारा राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में प्रातः 11 बजे तृतीय दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। सलाहकार जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि तथा राजस्थान सरकार के उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

समारोह में विभिन्न संकायों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े द्वारा उपाधियां एवं स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। तृतीय दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के प्रबंध मंडल एवं विद्या परिषद के सदस्य, राजस्थान के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, लोक भवन के अधिकारी, विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, कुलसचिव, संबद्ध महाविद्यालयों के चेयरमैन, निदेशक एवं प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, विद्यार्थी, अभिभावक, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. नीरज जैन ने बताया कि समारोह में 9 स्वर्ण पदकों सहित कुल 25 हजार 258 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 16 हजार 748 छात्र एवं 8 हजार 510 छात्राएं शामिल हैं। इसी अवसर पर राज्यपाल द्वारा सभी डिग्रियों को डिजीलॉकर पर अपलोड करने की प्रक्रिया का भी शुभारंभ किया जाएगा।

विश्वविद्यालय की डिग्रियां अत्याधुनिक हाईटेक फीचर्स एवं ब्लॉकचेन तकनीक से सुरक्षित होंगी। इन उपाधियों में 24 अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का उपयोग किया गया है। उपाधि मुद्रण में प्रयुक्त विशेष कागज 100 वर्षों तक सुरक्षित रहेगा तथा इसमें उपयोग की गई स्याही को मिटाया नहीं जा सकेगा। डिग्री जारी होने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का फेरबदल संभव नहीं होगा। छात्र, नियोक्ता एवं शैक्षणिक संस्थान एक क्लिक में डिग्री का सत्यापन कर सकेंगे।

कुलगुरु प्रो. (डॉ.) निष्ठा जसवाल ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर साहब के न्याय, समानता एवं संवैधानिक मूल्यों से प्रेरित यह विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं व्यावहारिक विधि शिक्षा प्रदान करने के लिए समर्पित है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य ऐसे कुशल एवं संवेदनशील विधि विशेषज्ञ तैयार करना है, जो न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ समाज में विधि के शासन को मजबूत बना सकें।

Previous articleनागौर में ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ
लोक टूडे न्यूज " जनता की आवाज " देश की खबरों का एक मात्र वेब पोर्टल है। इस न्यूज पोर्टल के माध्यम से लोगों की आवाज को सत्ता के गलियारों तक पहुंचाना ही प्रमुख लक्ष्य है। खबरें निष्पक्ष और बगैर किसी पूर्वाग्रह के प्रकाशित की जाएगी। लोक टुडे के नाम से दैनिक और पाक्षिक समाचार पत्र भी है। यू ट्यूब चैनल भी चलाया जा रहा है। आपका सहयोग अपेक्षित है। आप भी खबर , फोटो यहां भेज सकते हैं। आप वैबसाइट और पेपर से जुड़ने के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते है। 9829708129, 8209477614,neerajmehra445@gmail.com, loktodaynews@gmail.com प्रधान संपादक नीरज मेहरा जयपुर।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version