लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद
राजसमंद । राजसमंद जिले की भाटोली पंचायत के नाकली गांव में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर भजनों और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा तथा श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूम उठे।
श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का हुआ भावपूर्ण वर्णन
कथा व्यास पंडित कन्हैयालाल शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए पूतना वध, कालिया नाग मर्दन, तृणावर्त राक्षस वध एवं शकटासुर वध के प्रसंग सुनाए। उन्होंने महारास लीला और गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की महिमा पर प्रकाश डाला।
गोवर्धन पूजा के साथ लगाया छप्पन भोग
इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा विधिवत गोवर्धन पूजा संपन्न हुई। कार्यक्रम में पंडित लादू शर्मा एवं पंडित राजकुमार शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ व्यास पीठ पूजन करवाया।
बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
कथा आयोजन में कीर समाज के चोखला अध्यक्ष लेहरीलाल सहित मुख्य यजमान मोहनलाल, चम्पालाल, अशोक, मुरली, गोपाल, नारायणलाल, रोशन, कैलाश, दिनेश पुजारी, प्रेम और जगदीश सेन सहित भाटोली, नैनपुरिया एवं ओडा क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ कथा का रसास्वादन किया।
