लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
आपात स्थिति में मरीजों को हो रही परेशानी
डीडवाना-नावां । रिपोर्टर – मनीष पारीक
डीडवाना जिले के नावां उपजिला अस्पताल इन दिनों मोटरसाइकिलों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण गंभीर समस्या का सामना कर रहा है। अस्पताल परिसर में मुख्य गेट से लेकर भवन तक सैकड़ों बेतरतीब खड़ी मोटरसाइकिलें मरीजों और उनके परिजनों के आवागमन में बाधा बन रही हैं। आपातकालीन स्थिति में तो एम्बुलेंस सहित मरीजों का अस्पताल तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया है। चिकित्साधिकारी डॉ. राजवीर सिंह ने भी स्वीकार किया कि यह अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने बताया कि जल्द ही ठोस कदम उठाकर समाधान किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल की सहकारी संस्था से सुरक्षा गार्ड लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया है, ताकि वाहन व्यवस्थित तरीके से पार्क किए जा सकें और मरीजों को परेशानी न हो।
डॉ. राजवीर सिंह ने कहा, “आपात स्थिति में जब 108 एम्बुलेंस मरीज को लेकर आती है तो बेतरतीब खड़ी बाइकों के कारण अस्पताल के मुख्य गेट तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है, जिससे मरीज को नुकसान होने की आशंका रहती है। इसलिए इस समस्या का समाधान करना आवश्यक है।”
ग्रामीणों और मरीजों ने प्रशासन से जल्द कार्यवाही कर पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
