लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मॉनसून एक्सप्रेस की रफ्तार तेज:
नई दिल्ली | नितिन मेहरा, वरिष्ठ संवाददाता (राजस्थान)
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों को कवर करते हुए मुंबई तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली-एनसीआर में 25 जून से बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को तेज धूप और उमस के चलते अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहने का अनुमान है। हालांकि, 25 जून की शाम से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है। 25 और 26 जून को धूल भरी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में मुख्य मॉनसून 27 जून के आसपास दस्तक दे सकता है।
यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा मॉनसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 से 72 घंटों में मॉनसून मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों, गुजरात और उत्तर अरब सागर तक आगे बढ़ेगा। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में यह छत्तीसगढ़ और झारखंड से होते हुए बिहार के बाकी हिस्सों और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पहुंच जाएगा।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कोंकण, गोवा तथा पूर्वोत्तर के राज्यों असम और मेघालय में इस सप्ताह 7 से 20 सेंटीमीटर तक अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
पूर्वी यूपी और विदर्भ में फिलहाल लू का असर
दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिनों तक हीटवेव का प्रभाव जारी रहने की संभावना है। इसके बाद मॉनसून की सक्रियता बढ़ने से मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग ने नागरिकों से स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और बारिश एवं तेज हवाओं के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
