लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विकास और विरासत संरक्षण पर दिया जोर
ब्यावर/जयपुर। (रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को ब्यावर जिले के देवमाली गांव का दौरा कर भगवान देवनारायण मंदिर में दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। दौरे के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया, किसान के घर चाय पी और गांव के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री मंदिर दर्शन के बाद किसान रामलाल गुर्जर के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के साथ चाय पी और ग्रामीणों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने देवमाली ग्राम पंचायत प्रशासक समिति के सदस्यों से भी मुलाकात कर गांव की आवश्यकताओं की जानकारी ली।
शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने गांव के स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों से शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने जिला प्रशासन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा स्कूल ड्रॉपआउट रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश भी दिए। साथ ही भगवान देवनारायण मंदिर तक रोपवे निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा।
‘विकास भी और विरासत भी’ के विजन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकास भी और विरासत भी’ के विजन के अनुरूप देवमाली गांव में विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए सभी आवश्यक विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि देवमाली की विशिष्ट पहचान और पारंपरिक स्वरूप को संरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है।
नमो उपवन में किया पौधारोपण
मुख्यमंत्री ने देवमाली स्थित नमो उपवन में वीबी जी राम जी योजना के तहत पौधारोपण अभियान का शुभारंभ बुजुर्ग महिला प्रेम देवी से करवाया। इसके बाद स्वयं पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान के तहत पौधारोपण करने वाले स्कूली बच्चों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए।
बच्चों को बांटी चॉकलेट, ग्रामीणों से किया संवाद
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं और आवश्यकताओं का नियमित आकलन कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक वीरेन्द्र सिंह कानावत, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।