लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
322 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास, दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित
जयपुर/मांडलगढ़ ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को भीलवाड़ा के मांडलगढ़ में आयोजित ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का अवलोकन किया और विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दो वर्षों में जनकल्याण और विकास की मजबूत नींव तैयार की है, जिससे राजस्थान को अग्रणी राज्य बनाना संभव होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, सेवा और संवेदनशीलता हमारी सरकार की कार्य संस्कृति बन चुकी है। ग्रामीण एवं शहरी समस्या समाधान शिविरों के माध्यम से योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। अब तक इन शिविरों के माध्यम से 4 लाख 80 हजार मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र, 2 लाख 57 हजार पट्टे, 5 लाख फार्मर रजिस्ट्री, भू-राजस्व शुद्धिकरण और नामांतरण के प्रकरण निस्तारित किए गए हैं। लगभग सवा तीन लाख मंगला पशु बीमा पॉलिसी और लगभग 14 लाख लोगों की टीबी स्क्रीनिंग भी की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 322 करोड़ रुपये से अधिक के 30 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें स्वास्थ्य केंद्र, जीएसएस, लैब, विद्यालय, महाविद्यालय और उप तहसील कार्यालय से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा जिले में दो वर्षों में लगभग 2,900 करोड़ रुपये से अधिक के 50 हजार कार्य किए गए हैं, और निवासियों को 4,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।
उन्होंने शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व काम किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत करीब 14 लाख ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। किसान सम्मान निधि के तहत 76 लाख 18 हजार किसानों को 10,432 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया और गेहूं की खरीद पर 2025-26 में 150 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस भी प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने केवल 2 वर्षों में पूर्व सरकार के 5 साल से ज्यादा काम किया है। बिजली उत्पादन क्षमता में वृद्धि, गौशालाओं को सहायता, गांवों को सड़कों से जोड़ना आदि कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का अवलोकन किया, लाभार्थियों को योजनाओं के प्रमाण पत्र दिए और दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की। उन्होंने मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 2 वर्षों में हुए विकास कार्यों की पुस्तिका का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक श्रीचंद कृपलानी, गोपाल लाल शर्मा, गोपीचंद मीणा, उदयलाल भडाणा, जब्बर सिंह सांखला, लालाराम बैरवा, अशोक कुमार कोठारी, लादु लाल पितलिया सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।