लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे जीएसटी बचत उत्सव का पूरा लाभ उठाएं। राज्य सरकार 22 से 29 सितंबर तक यह उत्सव आयोजित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने वीडियो संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी स्लैब में सरलीकरण करते हुए दरों में कटौती की गई है। 22 सितंबर से देश में अब मुख्य रूप से दो जीएसटी दरें – 5% और 18% लागू हैं। इस सरलीकरण से दैनिक जरूरत की वस्तुओं की कीमतों में कमी आई है और गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, व्यापारी और उद्योग जगत सहित सभी वर्गों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
व्यापारियों और दुकानदारों के लिए संदेश
शर्मा ने व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की कि वे उपभोक्ताओं तक जीएसटी दरों में कटौती का पूरा लाभ पहुंचाएँ। उन्होंने कहा कि इससे आम जनता को कीमतों में राहत मिलेगी और बाजार में उत्साह बढ़ेगा।
वोकल फॉर लोकल का संदेश
मुख्यमंत्री ने आमजन से प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को साकार करने की अपील करते हुए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने पर जोर दिया। नवरात्रि और त्योहारी सीजन में देश में निर्मित उत्पादों की खरीद को बढ़ावा देने से कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री ने जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र और भीलवाड़ा के सदर बाजार में जाकर व्यापारियों और आमजन को जीएसटी बचत उत्सव के बारे में जानकारी दी। विभिन्न प्रतिष्ठानों पर स्टीकर्स लगाए गए और लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
