लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को सीतापुरा स्थित जेईसीसी में आयोजित बीएसएनएल स्वदेशी 4जी नेटवर्क सेवा शुभारंभ कार्यक्रम में 4जी सेवा के लाभार्थियों से आत्मीयतापूर्वक संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से दूरसंचार क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। राजस्थान की हजारों साइट्स पर अब बीएसएनएल की 4जी सेवा उपलब्ध है, जिससे प्रदेशवासियों को शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और अन्य क्षेत्रों में डिजिटल सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से वर्चुअली जुड़े तथा मौके पर उपस्थित लाभार्थियों ने 4जी सेवा के प्रारंभ होने से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और अपने अनुभव साझा किए।
अलवर के हरिपुरा गांव के तुलसीदास ने बताया कि उनका गांव वर्षों से संचार सुविधा से वंचित था। अब 4जी नेटवर्क आने से बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। ब्यावर के नाईकला ग्रामवासी सोहनसिंह ने कहा कि पहले उन्हें मोबाइल पर बातचीत करने के लिए पहाड़ियों पर चढ़ना पड़ता था, लेकिन 4जी सेवा की शुरुआत से ग्राम पंचायत में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अब निर्बाध रूप से मिल रहा है।
जैसलमेर की अभयवाला चौकी से जुड़े बीएसएफ अधिकारी ने बताया कि भारत-पाक सीमा से लगभग 200 मीटर दूर अब 4जी सेवा की पहुंच होने से सीमा पर चौकसी और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है। वहीं जयपुर जिले के रामेश्वर लाल गुर्जर ने कहा कि पहले उन्हें मोबाइल नेटवर्क के लिए घर की छत पर जाना पड़ता था, अब घर के भीतर ही आसानी से इंटरनेट और अन्य डिजिटल सेवाएं उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि स्वदेशी 4जी नेटवर्क केवल कनेक्टिविटी ही नहीं बल्कि डिजिटल सशक्तिकरण और आधुनिक भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।