Home latest मूण्डली बालाजी महाराज का विशाल लख्खी मेला भरा

मूण्डली बालाजी महाराज का विशाल लख्खी मेला भरा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क


महिलाओं और बच्चों ने की जमकर खरीदारी, सांस्कृतिक दंगल रहा आकर्षण का केंद्र

मूण्डली (रिपोर्टर: सतयनारायण चादा)। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मूण्डली में स्थित चमत्कारी दक्षिणमुखी वीर बालाजी मंदिर में बुधवार को विशाल लख्खी मेला धूमधाम से आयोजित हुआ। मेले के दौरान मंदिर परिसर में “बालाजी महाराज की जय” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

मंदिर में विराजित वीर बालाजी की आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई तथा पूरे परिसर को विशेष रूप से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

मीणा सांस्कृतिक दंगल बना आकर्षण

मेले के अवसर पर मीणा सांस्कृतिक दंगल कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। पुजारी लालाराम महंत ने बताया कि मेले में मीणा दंगल, घोड़ी दौड़ और युवाओं की दौड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

महिलाओं-बालिकाओं ने की जमकर खरीदारी

मेले में सजी खिलौनों और मणिहारी की दुकानों पर महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की। बच्चों ने भी झूलों और खेल-तमाशों का आनंद लिया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री कन्हैयालाल मीणा एवं लक्ष्मण मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मेला आयोजन समिति ने अतिथियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत-सत्कार किया।

लख्खी मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बना दिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version