लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर | (योगेश ऋषिका) सीकर के पिपराली रोड स्थित एम.के. मेमोरियल शिक्षण संस्थान सीनियर सेकेंड्री स्कूल में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा 10वीं, 8वीं एवं 5वीं के टॉपर्स सहित अन्य मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
संस्थान के चेयरमैन महावीर ढाका ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय परिवार की ओर से उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का साफा एवं दुपट्टा पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
संस्थान के सह-निदेशक इंजीनियर मनीष ढाका ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे निरंतर मेहनत करते हुए आगे भी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करें और अपने लक्ष्य को निर्धारित कर उसे हासिल करें।
कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा 4, कक्षा 6, 7, 9 एवं 11 (साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स, हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम) के टॉपर्स को भी सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि 24 मार्च को घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में विद्यालय ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर इतिहास रच दिया। इसमें 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 52 विद्यार्थी रहे। वहीं कक्षा 8वीं एवं 5वीं का परिणाम भी अत्यंत उत्कृष्ट रहा, जिसमें कक्षा 8वीं में 76 और कक्षा 5वीं में 64 विद्यार्थियों ने ए ग्रेड प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय शर्मा, प्राचार्या संगीता शर्मा, आशा शर्मा, अकादमिक प्रमुख नेहा वर्मा सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
