लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: रूपनारायण सांवरिया, जयपुर
जयपुर। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाएं देशभर में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन विशेष रूप से राजस्थान जैसे राज्यों में तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए ‘संबल’ और ‘सामर्थ्य’ जैसी उप-योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ‘संबल’ योजना के अंतर्गत वन स्टॉप सेंटर (ओएससी), महिला हेल्पलाइन (181), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और नारी अदालत जैसी पहलें महिलाओं को सुरक्षा, त्वरित सहायता और न्याय उपलब्ध कराने में सहायक हैं। देशभर में 900 से अधिक वन स्टॉप सेंटर संचालित हो रहे हैं, जो लाखों महिलाओं को सहायता प्रदान कर चुके हैं। यह जानकारी महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने संसद में दी।
राजस्थान में बढ़ा लाभार्थियों का आंकड़ा
मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में ‘मिशन शक्ति’ के तहत बड़ी संख्या में महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 में 4,20,612 महिलाएं, 2023-24 में 2,03,066 महिलाएं तथा 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 9,35,626 तक पहुंच गई है। इस प्रकार पिछले तीन वर्षों में 15 लाख से अधिक महिलाएं इन योजनाओं से लाभान्वित हुई हैं।
योजना-वार आंकड़ों के अनुसार, वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से 5,870, 6,591 और 8,092 महिलाओं को सहायता मिली। महिला हेल्पलाइन से 8,079, 9,670 और 9,976 महिलाओं को मदद प्रदान की गई। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 2022-23 में 4,05,991, 2023-24 में 1,86,182 तथा 2024-25 में 9,16,684 महिलाओं को लाभ मिला।
महिला सशक्तिकरण के लिए बहुआयामी प्रयास
उन्होंने बताया कि ‘सामर्थ्य’ उप-योजना के तहत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शक्ति सदन, सखी निवास, पालना (क्रेच सुविधा) और संकल्प: महिला सशक्तिकरण केंद्र जैसी योजनाएं महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी सशक्तिकरण को मजबूती दे रही हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, सुमन योजना और ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस जैसे कार्यक्रम मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मदन राठौड़ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
