लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)। जिले के राजसमन्द जिले के कुंवारिया कस्बे के बस स्टैंड क्षेत्र में मंगलवार सुबह घरों के नलों से गंदा, मटमैला और बदबूदार पानी आने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। शुद्ध पेयजल के स्थान पर दूषित पानी मिलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मोहल्ले की पनिहारी रुकमणी देवी सालवी और उमा माली ने बताया कि सुबह नलों से आया पानी इतना बदबूदार था कि घरों में दुर्गंध फैल गई और परिवार के सदस्यों को सिरदर्द की शिकायत होने लगी। उनका कहना है कि यह पानी पीने योग्य नहीं था, जिसके चलते लोगों ने मंगलवार को नलों का पानी भरना बंद कर हैंडपंप से पानी की व्यवस्था की।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब पांच दिन पूर्व सदर बाजार क्षेत्र में भी गंदा व मटमैला पानी सप्लाई हुआ था, जिस पर विभाग की ओर से पानी के सैंपल भी लिए गए थे। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि नलों की लाइन में कहीं न कहीं नालियों का पानी रिस रहा है, जिससे सप्लाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने लीकेज ढूंढकर तुरंत दुरुस्त करने और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
बस स्टैंड क्षेत्र के लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को दूषित पानी मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस पानी से कोई बीमार होता है तो इसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने और नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।
