लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
मुनेश धाकरे की रिपोर्ट
धौलपुर: 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दुष्कर्म व हत्या का मामला दर्ज
धौलपुर। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को 16 वर्षीय किशोरी का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार को मृतका के पिता ने महिला थाना में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है।
महिला थाना के एएसआई राजेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।
