लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सिरोही।
पिण्डवाड़ा तहसील के चार पंचायत क्षेत्रों में प्रस्तावित खनन परियोजना को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को भीमाना गांव में आयोजित पर्यावरणीय जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण विरोध दर्ज कराने पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना है कि वे किसी भी हाल में इस खनन परियोजना को मंजूरी नहीं देंगे। वाटेरा, रोहिड़ा, भारजा, तरुंगी, डोलीफली, पिपेला और खाराडोली गांवों के लोग एकजुट होकर प्रशासन और कंपनी को साफ संदेश दे रहे हैं कि परियोजना का कड़ा विरोध किया जाएगा।
800 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में प्रस्तावित खनन
मैसर्स कमलेश मेटा कास्ट प्रा. लि. ने 800.9935 हेक्टेयर क्षेत्र में खनन का प्रस्ताव रखा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन अनुमति देता है, तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन होगा और उसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
आरोप: सूचना छिपाई, मिलीभगत के संदेह
ग्रामीणों का आरोप है कि पर्यावरणीय जनसुनवाई की सूचना जानबूझकर छिपाई गई। उनका कहना है कि स्थानीय नेता और जिला अधिकारी कंपनी के प्रभाव में हैं और उसे लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। मिलीभगत के आरोप भी जिम्मेदार अधिकारियों पर लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए और इस खनन परियोजना को तत्काल निरस्त किया जाए।
