Home latest “होते हैं बलिदान कई, पर योद्धा कभी नहीं मरते” – कवि योगेंद्र...

“होते हैं बलिदान कई, पर योद्धा कभी नहीं मरते” – कवि योगेंद्र शर्मा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

परमवीर चक्र नायक जदुनाथ सिंह के बलिदान दिवस पर भीलवाड़ा में गूंजा शौर्य और राष्ट्रभक्ति का स्वर

भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी

सतत सेवा संस्थान के तत्वावधान में परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर एम.एल.वी. टेक्सटाइल कॉलेज, भीलवाड़ा में एक गरिमामय, भावविभोर एवं प्रेरणास्पद श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने युवाओं के हृदय में राष्ट्रभक्ति, त्याग और वीरता की अमिट छाप छोड़ी।

कार्यक्रम का शुभारंभ परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। राष्ट्रगान के पश्चात अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पुष्प अर्पित कर अमर शहीद को नमन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज प्राचार्य डॉ. अरविंद वशिष्ठ ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि नायक जदुनाथ सिंह का बलिदान केवल इतिहास नहीं, बल्कि हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का जीवंत स्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. के.जी. भदादा ने किया।

इस अवसर पर सतत सेवा संस्थान के संस्थापक चंद्रशेखर शर्मा, संस्था के अध्यक्ष एवं प्रख्यात कवि योगेंद्र शर्मा, संगठन मंत्री रजनीकांत आचार्य, महामंत्री पंकज अग्रवाल एवं मीडिया प्रभारी गजानंद बोहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

संस्थान के संस्थापक चंद्रशेखर शर्मा ने संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सतत सेवा संस्थान सैनिकों और शहीद परिवारों के सम्मान, सहयोग एवं कल्याण हेतु निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने संस्थान द्वारा संचालित “सेना मित्र प्रकल्प” की जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान समाज को सैनिकों से भावनात्मक रूप से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा है।

कार्यक्रम का भावनात्मक शिखर तब आया जब संस्था अध्यक्ष कवि योगेंद्र शर्मा ने अपने ओजस्वी काव्यपाठ के माध्यम से परमवीर चक्र नायक जदुनाथ सिंह के अद्वितीय शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को शब्दों में जीवंत कर दिया।

उन्होंने कहा—

“होते हैं बलिदान कई, पर योद्धा कभी नहीं मरते”,

यह पंक्ति सभागार में उपस्थित हर युवा के मन-मस्तिष्क में गूंज उठी। काव्यपाठ के दौरान युवाओं में जोश, समर्पण और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा सभागार “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से बार-बार गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रो. के.जी. भदादा ने कॉलेज की ओर से सतत सेवा संस्थान के सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें हर चेहरा गर्व, श्रद्धा और देशप्रेम से दमकता नजर आया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version