लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
बीकानेर, (विजय कपूर): खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग द्वारा ग्रामोद्योग विकास योजना के तहत मशीन टूल किट वितरण एवं खादी संवाद कार्यक्रम ‘खादी महोत्सव-2025’ का आयोजन सोमवार को डागा पैलेस में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल थे।
मेघवाल ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी को तेजी से बढ़ावा मिला है। उन्होंने सभी नागरिकों से दीपावली के अवसर पर स्वदेशी अपनाने और कम से कम पांच लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि ग्रामोद्योग विकास योजना के तहत टूल किट प्राप्त करने वाले लाभार्थी नई तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनेंगे और देश के विकास में भागीदारी निभाएंगे। खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि महोत्सव के दौरान 390 कारीगरों को 554 मशीनें और टूल किट वितरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ग्यारह वर्षों में खादी उत्पादों की बिक्री 33 हजार करोड़ से बढ़कर 1 लाख 70 हजार करोड़ रुपये हो गई है।
डूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि खादी ग्रामोद्योग भारत की पहचान है और इसे संरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को अपनाने और स्वदेशी उत्पाद खरीदने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में सुमन छाजेड़, श्याम पंचारिया, राज्य निदेशक राहुल मिश्रा, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी यशपाल सिंह, सहायक निदेशक जयकुमार, संभाग अधिकारी रवींद्र प्रसाद व्यास सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
