लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रैन बसेरा और शहर की सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
सुमेरपुर । कड़ाके की ठंड के बीच जनसुविधाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने मंगलवार रात शहर के विभिन्न स्थलों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रैन बसेरा, शहर की सफाई, सड़कें और रोड लाइट्स का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
रैन बसेरा में व्यवस्था की समीक्षा
मंत्री जोराराम कुमावत सबसे पहले शहर के मुख्य बाजार में नगरपालिका द्वारा संचालित रैन बसेरा पहुंचे। उन्होंने ठहरने वाले लोगों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। बिस्तर, रजाई, पानी, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। मंत्री ने कहा कि रैन बसेरों में पर्याप्त गरम बिस्तर, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि टेंट-आधारित रैन बसेरों में अंगीठी का प्रयोग नहीं होगा और आवश्यक सुरक्षित साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा, कोयला जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने और फिजिकल ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए। रैन बसेरों में कोई अवांधित या संदिग्ध व्यक्ति न ठहरे, इसके लिए पुलिस और नगरपालिका की टीम औचक निरीक्षण करेगी।
शहर में सुरक्षा और सफाई पर दिया जोर
रात करीब साढ़े 11 बजे मंत्री कुमावत ने पैदल निरीक्षण करते हुए कोलीवाड़ा रोड और आसपास के इलाकों में नाइट सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सड़कें, स्ट्रीट लाइट्स, नाले और सफाई व्यवस्था देखा। निरीक्षण के बाद रात करीब एक बजे नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी नरपत सिंह राजपुरोहित, सहायक अभियंता लोकेश पाटीदार, सफाई निरीक्षक यशवंत परिहार, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष रविकांत रावल और पूर्व पार्षद प्रतिनिधि नरेश माली सहित पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
बैठक में मंत्री कुमावत ने अधिकारियों को नालों की सफाई, खराब खंबों का बदलाव, नियमित सफाई व्यवस्था, शहर की सुरक्षा, जल निकासी और चौकीदार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य रहे और रात्रि में प्रकाश व्यवस्था निर्बाध रूप से चालू हो, जिससे शहर में कोई असामाजिक गतिविधि न हो।