Home latest कचरा प्लांट को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, कलेक्ट्रेट पर धरना

कचरा प्लांट को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, कलेक्ट्रेट पर धरना

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 वैकल्पिक जमीन की मांग

श्रीगंगानगर | मनजीत सिंह (ब्यूरो चीफ) श्रीगंगानगर जिले के गांव नेतेवाला में प्रस्तावित कचरा प्लांट को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। विरोध के तहत शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए जोरदार नारेबाजी की।

धरने की सूचना पर मौके पर पहुंचे विधायक जयदीप बिहाणी ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा की।

ग्रामीणों की मुख्य आपत्तियां
ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित कचरा प्लांट घनी आबादी के पास बनाया जा रहा है, जहां नजदीक ही स्कूल और चिकित्सालय भी स्थित हैं। ऐसे में प्रदूषण फैलने और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि वे पिछले करीब 10 वर्षों से इस स्थान पर कचरा प्लांट के विरोध में आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि इस स्थान पर प्लांट किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रशासन से वैकल्पिक भूमि चिन्हित करने की मांग की।

विधायक ने दिया आश्वासन
विधायक जयदीप बिहाणी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यदि स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं निकलता है तो वे ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल को साथ लेकर जयपुर में मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और समस्या का समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।

वार्ता के बाद फिलहाल ग्रामीणों ने धरना स्थगित कर दिया है, लेकिन चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

स्थिति सामान्य लेकिन तनाव कायम
वार्ता के बाद क्षेत्र में फिलहाल शांति है, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version