लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर
बनी सिंह मीना
मौके पर मिले पदचिह्न, 4.56 लाख का नुकसान
गंगापुर सिटी । के कोतवाली थाना क्षेत्र के चकछाबा गांव में शुक्रवार रात एक जंगली जानवर ने बाड़े में घुसकर भेड़ों पर हमला कर दिया। हमले में 35 भेड़ों की मौत हो गई और 15 भेड़ें घायल हुईं।
घटना में अमरसिंह गुर्जर और मुंशी माली की भेड़ें शिकार बनीं। बाड़े में करीब 80-85 भेड़ें थीं। चारों तरफ तारबंदी होने के बावजूद जंगली जानवर अंदर घुस गया। घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों को मिली।
सरपंच महेश सिंह जादौन और छुट्टन लाल बैरवा ने वेटरनरी डॉक्टर और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की अधिकारी मुकेशी मीना ने बताया कि मृत भेड़ों का पंचनामा तैयार कर लिया गया है। मुआवजे के लिए थाने में मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने क्षेत्र में जंगली जानवरों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताई।
पटवारी राजाराम गुर्जर के अनुसार एक मृत भेड़ की कीमत 12 हजार और घायल भेड़ की 6 हजार रुपए तय की गई है। कुल नुकसान 4 लाख 56 हजार रुपए का आंका गया है। मुआवजे के लिए रिपोर्ट सरकार को भेजी जा रही है। मौके से जंगली जानवर के पदचिह्न मिले हैं, जिनके फोटो और वीडियो लिए गए हैं।