लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। सुरेश सिंह रावत ने कहा है कि जनता हमारे लोकतंत्र की वास्तविक मालिक है और जनसेवा जनप्रतिनिधियों का सर्वोच्च कर्तव्य है। इसी भावना के साथ उन्होंने शुक्रवार को सर्किट हाउस, अजमेर में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, राजस्व और सामाजिक योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। मंत्री रावत ने प्रत्येक प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री रावत ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल प्रशासनिक निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जनसुनवाई जनता और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिससे हमें समाज की वास्तविक समस्याओं को समझने का अवसर मिलता है।”
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी समस्या के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो और सभी विभाग जनभावनाओं के अनुरूप संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने मंत्री रावत के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान हो रहा है।
जनसुनवाई में जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।