लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
देशभर के 1,000 पत्रकार होंगे शामिल
जयपुर/चौमहला। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, इंडिया (एनयूजेआई) का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 18, 19 और 20 सितंबर 2026 को जयपुर में आयोजित होगा। देशभर से 1,000 से अधिक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, मीडिया विशेषज्ञ और मीडियाकर्मी इस राष्ट्रीय पत्रकार महाकुंभ में भाग लेंगे।
अधिवेशन की मेजबानी एनयूजेआई की राजस्थान इकाई जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) द्वारा की जाएगी। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और विभिन्न समितियों का गठन किया जा चुका है।
एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी और राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप तिवारी ने बताया कि अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की विश्वसनीयता तथा पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर मंथन करना है।
चार विशेष सत्रों में होगा गहन विमर्श
तीन दिवसीय अधिवेशन के दौरान चार विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मीडिया जगत के समक्ष मौजूद चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी।
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पर विशेष चर्चा
अधिवेशन में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों की यात्रा, उसके योगदान, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही डिजिटल युग में मीडिया के बदलते स्वरूप और नए अवसरों पर भी विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।
फेक न्यूज और मीडिया की साख पर मंथन
सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के दौर में मुख्यधारा मीडिया की विश्वसनीयता बनाए रखने, फेक न्यूज की चुनौती से निपटने और पत्रकारिता की साख को मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा होगी।
पत्रकार सुरक्षा कानून पर बनेगी रणनीति
देशभर में पत्रकारों पर बढ़ते हमलों और दबाव की घटनाओं को देखते हुए अधिवेशन में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग प्रमुख मुद्दा रहेगी। इसके अलावा मीडिया काउंसिल और नेशनल जर्नलिस्ट्स रजिस्टर के गठन जैसे विषयों पर भी राष्ट्रीय स्तर पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी संभालेगी कार्यभार
यह अधिवेशन संगठन की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदभार ग्रहण समारोह का भी साक्षी बनेगा। इस अवसर पर एनयूजेआई के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल, राष्ट्रीय महासचिव राकेश कुमार शर्मा (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, जार राजस्थान) तथा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामचंद्र सहित केंद्रीय कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।
तैयारियां तेज, विभिन्न समितियों का गठन
जार राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी, प्रदेश महासचिव सुरेश पारीक, जयपुर शहर अध्यक्ष लेशिश जैन तथा जयपुर ग्रामीण अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने बताया कि देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों के स्वागत और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि अधिवेशन में राजस्थान की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। राज्यभर से जार के पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
आयोजकों के अनुसार यह अधिवेशन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि निष्पक्ष, स्वतंत्र और सुरक्षित पत्रकारिता के भविष्य को दिशा देने वाला राष्ट्रीय मंच साबित होगा। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्री तथा वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
