लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शहर में होली का पर्व श्रद्धापूर्वक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न स्थानों गढ के सामने, फुलवारी, खतौली गेट, तबेला, भूतेश्वर गेट पर होलिका का विधि विधान से पूजन कर दहन किया गया। सवाई माधोपुर रोड स्थित फुलवारी में विशाल होली का दहन किया गया। जिसमें सैकड़ो की संख्या में युवाओं और बुजुर्गों सहित महिलाओं ने भाग लिया। भक्त प्रहलाद के प्रतीक होली के डाडे को काटकर बचाया गया। दुलंदी के पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व हिंदू संगठनों द्वारा धुलन्डी का जुलूस निकाला गया। जिसमें लोगों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। होली का जुलुस विभिन्न मार्गो से होता हुआ शहर के चक्कर लगाकर बावड़ी के चौक स्थित प्याल के बालाजी मंदिर पहुंचा। जहां लोगों ने भजन कीर्तन किये। सदर बाजार कतला गेट खतौली गेट फुलवारी बस स्टैंड पर युवाओं ने दलों के रूप में एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया व होली की शुभकामनाएं दी। घरों में पकवान बनाकर भगवान को भोग लगाया गया। जिन घरों में पहली बार बालक का जन्म हुआ वहां पर होली की ढूंढ मनाई गई। उपखंड के ढिकोलिया, बालिथल,खातोली,झुण्डवा, पलाई,चौरू,पचाला, डाबला,ककोड़ बनेठा सहित सभी छोटे बड़े गांव में होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने के समाचार प्राप्त हुए हैं।
