लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
श्याम माथुर ब्यूरो चीफ नागौर
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कामकाजों का किया समीक्षा.. कार्य में प्रगति लाने का दिशा गया निर्देश..
नागौर। नागौर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक जिला परिषद सभागार कक्ष में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। नागौर जिले में विकास कार्यों तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ पूर्व मे आयोजित हुई बैठक की पालना रिपोर्ट पर चर्चा की गई। बैठक का संचालन जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकार रविन्द्र कुमार ने करते हुए बैठक के विभागवार एजेंडे ,प्रगति रिपोर्ट और पिछली बैठक की पालना रिपोर्ट के बारे में जानकारी प्रदान की ।
जनता से जुड़े कार्य नहीं होने पर बेनीवाल में लगाई फटकार
,सांसद हनुमान बेनीवाल ने विभाग वार समीक्षा करते हुए जहां समय पर जनता से जुड़े कार्य नहीं करने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। वहीं सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा बैठक की समय पर अनुपालना हो तभी बैठक की सार्थकता है ।
बैठक में कई विभागों के कार्यों पर हुई चर्चा
बैठक में चिकित्सा, राजीविका, जलदाय, सामाजिक न्याय व अधिकारिता, कृषि, उद्योग, राजस्थान कौशल व आजीविका विकास निगम, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, शिक्षा, रेलवे, सिंचाई, सड़क, पीएम आवास योजना सहित अन्य विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद बेनीवाल ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए वहीं कई मुद्दों पर सही जवाब नहीं देने पर अधिकारियों को फटकार भी लगाई ।
सांसद ने जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और पीएम आवास योजना, जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पेयजल, एवं विद्युत व्यवस्था जैसी प्राथमिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही, क्षेत्र में आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास और कृषि विकास से जुड़ी योजनाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही सांसद हनुमान बेनिवाल ने सभी विभागों को योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने का निर्देश दिए। बैठक में सांसद बेनीवाल ने कहा कि बैठक के माध्यम से पूरे जिले में विकास कार्यों की समीक्षा कर जनहित से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
फसल बीमा का किसानों को लाभ नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को क्लेम समय पर नहीं मिलने से सांसद हनुमान बेनीवाल ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि प्रीमियम लेते वक्त कम्पनियों के प्रतिनिधि जो दावे करते है उन दावों पर खरे नहीं उतरते। कलक्टर को पूरे मामले से राज्य और केंद्र सरकार को अवगत कराने के निर्देश दिए । वहीं कृषि विभाग के अधिकारियों को लताड़ लगाई । सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़को की प्रगति रिपोर्ट ली और सड़को की गुणवत्ता की मोनिटरिंग करके खराब गुणवत रखने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए । अस्पतालों व शहरों के साथ गांवों में सफाई व्यवस्था सुचारू करने के दिए निर्देश। सांसद ने सरकारी अस्पतालों के साथ शहरों व गांवों में सफाई व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए । जिला पुलिस से जिले की कानून व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा चोरी से जुड़े मामलों में खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन करने के निर्देश दिए । सांसद ने रोडवेज व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में फर्जीवाड़े से उठाई गई छात्रवृतियों की जांच करवाने के निर्देश दिए । जिला कलक्टर ने बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध रूप से अनुपालना भिजवाने के निर्देश दिए। वहीं सांसद ने कहा कि मेरी पहली प्राथमिकता है कि जिले का विकास कैसे हो इसलिए बैठकों के निर्देशों की समयबद्ध रूप से पालना हो । जिला परिषद सभागार में नागौर कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित ,CEO रविन्द्र कुमार, ACEO रजीत चौधरी ,ASP सुमित कुमार, SDM गोविन्द सिंह भीचर ,जिला स्तरीय अधिकारी और जिला विकास समन्वय एवं निगरानी के सदस्य जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय और केन्द्रीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
