लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अतिक्रमण हटाने के लिए 10 दिन का अल्टीमेटम
पादूकलां (नागौर) | एसएन राजस्थान न्यूज़
केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, पादूकलां में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 विभागों के अधिकारियों ने एक ही छत के नीचे विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को उपलब्ध कराया। वहीं वर्षों से लंबित राजस्व प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कर आमजन को बड़ी राहत प्रदान की गई।
11 पट्टे वितरित, राजस्व मामलों का हुआ समाधान
सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी ने बताया कि पंचायतीराज विभाग की ओर से 11 आवासीय पट्टों का वितरण किया गया। राजस्व विभाग ने आपसी सहमति से 10 बंटवारा पत्र तैयार कर लंबे समय से लंबित विवादों का समाधान कराया। इसके अलावा 45 शुद्धिकरण, 15 नामांतरण (म्यूटेशन) तथा जाति, मूल निवास सहित 54 प्रमाण-पत्र जारी किए गए।
अन्य विभागों ने भी बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों का मौके पर निस्तारण किया, जिससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली।
लंबित मामलों के समाधान पर सरकार का जोर
उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर केवल योजनाओं का लाभ पहुंचाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वर्षों से लंबित राजस्व प्रकरणों का भी मौके पर समाधान किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को त्वरित राहत मिलने के साथ प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
शिविर में उठा अतिक्रमण का मुद्दा
शिविर के दौरान ग्राम पादूकलां निवासी चंदनमल जाणी ने राजस्व एवं चारागाह भूमि पर हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए शिविर प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर द्वारा कई बार अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
इस पर उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए 10 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में तहसीलदार अशोक कुमार, नायब तहसीलदार प्रेम कुमार ढेबाना, विकास अधिकारी भंवरलाल सिंगाड़िया, समाजसेवी शिवजीराम फड़ौदा, पशुपालन विभाग की डॉ. मृगांका कड़वा, चिकित्सा विभाग के डॉ. अनिल कुमार, ऊर्जा विभाग के कनिष्ठ अभियंता वीरेंद्र रेवाड़िया, पीएचईडी के सहायक अभियंता किशोर सिंह एवं कनिष्ठ अभियंता विजय गढ़वाल, शिक्षा विभाग से मदनलाल भदाल, आयुर्वेद विभाग के डॉ. अमित कुमार जोशी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता के रामप्रसाद तोमर, महिला एवं बाल विकास विभाग की आशा चौहान, वरिष्ठ सहायक रामेश्वर भदाल, कनिष्ठ सहायक लखन कुमार माकड़, ग्राम विकास अधिकारी संदीप गोदारा, ताराचंद, पवन कुमार शर्मा, डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
