Home latest ग्राम सेवा शिविर में तत्काल समाधान, खातेदारी रिकॉर्ड में हुई नाम शुद्धि

ग्राम सेवा शिविर में तत्काल समाधान, खातेदारी रिकॉर्ड में हुई नाम शुद्धि

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पांचलासिद्धा शिविर में राजस्व अभिलेखों की त्रुटि का मौके पर हुआ निस्तारण

नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्राम सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उपखंड खींवसर की ग्राम पंचायत पांचलासिद्धा में आयोजित शिविर के दौरान राजस्व अभिलेखों में नाम शुद्धि का प्रकरण मौके पर ही निस्तारित किया गया।

ग्राम पांचलासिद्धा निवासी रोकेश पुत्र नेमीचंद ने उपखंड अधिकारी सुनील पंवार के समक्ष उपस्थित होकर खातेदारी रिकॉर्ड में अपने दिवंगत पिता के नाम में दर्ज त्रुटि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्व अभिलेखों में नाम गलत दर्ज होने के कारण उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी सुनील पंवार ने तत्काल राजस्व अधिकारियों से आवश्यक रिपोर्ट प्राप्त करवाई तथा मौके पर ही नाम शुद्धि की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद राजस्व रिकॉर्ड में संशोधन कर प्रार्थी को संशोधित दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए।

नाम शुद्धि होने से खातेदार को भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, दस्तावेजी कार्यों के निष्पादन तथा राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं में सुविधा मिलेगी। प्रार्थी ने त्वरित समाधान के लिए प्रशासन एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

ग्राम सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान होने से ग्रामीणों में संतोष दिखाई दे रहा है तथा प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version