लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
झालावाड़ | गंगधार संवाददाता
प्राचीन आध्यात्मिक नगरी गंगधार में जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया।
मंदिरों में दिनभर रहा भक्तों का तांता
प्रातः काल अभिषेक पूजन के साथ जन्माष्टमी उत्सव की शुरुआत हुई। दिनभर कस्बे के विभिन्न मंदिरों में सजावट और आकर्षक झांकियों के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
मध्यरात्रि को हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
रात्रि 12 बजे जैसे ही जन्माष्टमी का शुभ समय आया, सभी मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की विशेष आरती की गई। इस दौरान पूरे कस्बे के श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे और जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल हुए।
कस्बे के प्रमुख मंदिरों में विशेष आयोजन
गंगधार कस्बे के माता महालक्ष्मी मंदिर, नृसिंह मंदिर, चारभुजा मंदिर, राज मंदिर, गोवर्धननाथ मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, राममंदिर, रामानुज कोट, द्वारकाधीश मंदिर, राम-जानकी मंदिर, मालपुरा बाजार राधाकृष्ण मंदिर, रामद्वारा, मेघवाल समाज राम मंदिर, मेहर समाज राम मंदिर, हनुमान मंदिर और शिव मंदिरों में विशेष झांकियों और विद्युत सज्जा की गई।
प्रसाद वितरण और विशेष सजावट
भगवान श्रीकृष्ण को पंजीरी, अजमा, माखन-मिश्री का भोग अर्पित किया गया और भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
गढ़ मोहल्ला स्थित माता महालक्ष्मी मंदिर और नृसिंह मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया। आकर्षक झांकियों और सजावट का लाभ चौमहला गंगधार सहित आसपास से आए दर्शनार्थियों ने उठाया।