लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
नदबई भरतपुर।
भरतपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिगंत आनंद ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार नदबई थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर में पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने गुलदस्ता भेंट कर एसपी का स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी दिगंत आनंद ने थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के आवास, मालखाना, अभिलेखों एवं थाने की साफ-सफाई सहित संपूर्ण व्यवस्थाओं की गहनता से जांच की।
निरीक्षण के बाद एसपी ने थाना स्टाफ एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए ताकि समय रहते अपराधों की रोकथाम की जा सके। साथ ही उन्होंने पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और अपराधियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्कता बरतने, गश्त को प्रभावी बनाने और थाने में आने वाले हर फरियादी को सम्मान के साथ सुनने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी जय नारायण मीणा एवं सीईओ अमर सिंह राठौड़ भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और थाने के कार्मिकों से संवाद किया।
एसपी का यह दौरा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।