Home crime एजीटीएफ का बड़ा एक्शन: पंजाब गैंगस्टर के गुर्गे को बांदीकुई से दबोचा

एजीटीएफ का बड़ा एक्शन: पंजाब गैंगस्टर के गुर्गे को बांदीकुई से दबोचा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क


जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब में रंगदारी और फायरिंग के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को दौसा जिले के बांदीकुई से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी चन्द्रप्रकाश शर्मा उर्फ चंदू शर्मा, बांदीकुई का निवासी है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एजीटीएफ को सूचना मिली थी कि पंजाब के नकोदर शहर में एक व्यापारी से रंगदारी मांगने और उसके कार्यालय पर फायरिंग करने वाले गैंग का एक सदस्य राजस्थान में छिपा हुआ है।

जानकारी के अनुसार 18 जनवरी 2026 को नकोदर में ‘बक्शी ट्रेवल्स’ कार्यालय पर फायरिंग कर व्यापारी को डराने की कोशिश की गई थी। इस मामले में पंजाब पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि चन्द्रप्रकाश फरार चल रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पंजाब से फरार होने के बाद जयपुर, दौसा के पारासर धाम, लालसोट सहित कई स्थानों पर ठिकाने बदलकर रह रहा था। पिछले एक महीने से एजीटीएफ टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।

पुख्ता सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में, पुलिस निरीक्षक सुनील जांगिड़ के नेतृत्व में टीम गठित कर बांदीकुई में दबिश दी गई, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हाल ही में पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर जीशान अख्तर के गिरोह से जुड़ा था, जो विदेश में बैठकर अपने नेटवर्क के जरिए भारत में रंगदारी और आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहा है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी कर पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गैंग के नेटवर्क और अन्य वारदातों से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।

इस कार्रवाई में एजीटीएफ टीम के साथ दौसा जिला पुलिस की डीएसटी टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version