लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सरमथुरा (धौलपुर) | मोहित गर्ग
सरमथुरा के डीएसपी नरेंद्र कुमार मीणा के स्थानांतरण पर थाना परिसर में आमजन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधिकारियों, जवानों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डीएसपी नरेंद्र मीणा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए। उनके कार्यकाल में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ, जिससे लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर एवं साफा बंधवाकर सम्मानित किया। इसके बाद पारंपरिक सम्मान के तहत उन्हें घोड़ी पर बिठाकर थाना परिसर से सम्मान यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में डीएसपी नरेंद्र कुमार मीणा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि सरमथुरा की जनता, जनप्रतिनिधियों और पुलिसकर्मियों से उन्हें हमेशा सहयोग और स्नेह मिला। यहां बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य और यादगार स्मृतियों में शामिल रहेगा। उन्होंने जनता की सेवा को अपने जीवन की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया।
विदाई समारोह के दौरान कई लोग भावुक दिखाई दिए। उपस्थित नागरिकों ने कहा कि नरेंद्र कुमार मीणा एक कर्मठ, ईमानदार और जनहित को सर्वोपरि रखने वाले अधिकारी रहे हैं, जिनकी कार्यशैली को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर थानाप्रभारी हरेंद्र सिंह, योगेश कुमार शर्मा, सुनील बंसल, प्रवीण अग्रवाल, शंकर जादौन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
