लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागरिकों ने तहसीलदार व उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
टोंक जिले के दूनी कस्बे के नागरिकों ने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के मुख्य सचिव के नाम दूनी तहसीलदार एवं देवली उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कस्बे में विभिन्न विभागों के कार्यालय खोले जाने की मांग की है।
ज्ञापन में आगामी बजट सत्र 2026-27 में दूनी एवं आसपास के क्षेत्रवासियों की जनभावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दूनी तहसील मुख्यालय पर उपखंड अधिकारी कार्यालय, पंचायत समिति कार्यालय एवं ट्रॉमा सेंटर खोलने का आग्रह किया गया है।
क्षेत्र की आवश्यकता बताया
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि दूनी नगरपालिका क्षेत्र की जनसंख्या 22 हजार से अधिक है। कस्बा नेशनल हाईवे-52 के समीप तथा स्टेट हाईवे पर स्थित होने के कारण प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं की अत्यंत आवश्यकता है। दूनी तहसील के अंतर्गत 18 पटवार मंडल, 84 राजस्व गांव, 18 से अधिक ग्राम पंचायतें तथा सैकड़ों गांव सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं, ऐसे में उपरोक्त सरकारी कार्यालयों की स्थापना आवश्यक है।
जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा के पूर्व मंत्री बाबूलाल राजोरा, पूर्व महामंत्री सुशील बज, वरिष्ठ नेता शिवराज बराला, रोडूलाल प्रजापति, वरिष्ठ अधिवक्ता विजय पारीक, पूर्व महामंत्री पंकज गोखरू, जिला परिषद के पूर्व सदस्य प्रतिनिधि गोपाल सैनी ठेकेदार, श्याम प्रकाश राजोरा, राघव पाराशर, लेखराज रोझ, युवा नेता अमित गोखरू, राधेश्याम सेन, चंद्र प्रकाश शर्मा, कमल माहेश्वरी सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नागरिकों ने उम्मीद जताई कि सरकार क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेगी।
