लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
नागौर, पादूकलां।
निकटवर्ती ग्राम पंचायत डोडियाना के तालाब किनारे स्थित बालाजी महाराज मंदिर परिसर में रविवार को दो दिवसीय मेले का सफल समापन हुआ। अंतिम दिन बालाजी महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
पहले दिन पूजा-अर्चना, दूसरे दिन उमड़ा जनसैलाब
पहले दिन श्रद्धालुओं ने बालाजी की पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगी, वहीं दूसरे दिन ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों लोगों ने मेले का आनंद लिया। सुबह से ही मेले में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक जारी रही।
झूले और मनोरंजन बने आकर्षण
मेले में झूलों ने खास आकर्षण बटोरा। बच्चे चकरी और छोटे झूलों पर झूमते नजर आए, महिलाएं क्रॉस झूले का आनंद ले रही थीं और युवक ब्रेक डांस झूले में रोमांचित हो उठे।
खानपान और खरीदारी में दिखा उत्साह
दोपहर बाद मेले में चाट-पकौड़ी, मिठाइयां, कचौरी-पकौड़े, आइसक्रीम, कुल्फी और गन्ने का रस सहित चटपटे व्यंजनों की दुकानों पर मेलार्थियों का तांता लगा रहा।
महिलाएं मणिहारी व घरेलू सामान की खरीदारी में व्यस्त रहीं, वहीं बच्चों ने रंग-बिरंगे गुब्बारे और खिलौने खरीदे। किसान वर्ग ने भी कृषि औजार खरीदे।
बरसात के बीच भी रहा उत्साह
बरसात के बावजूद श्रद्धालु उत्साह से मेले में डटे रहे और गरम-गरम पकौड़ों का स्वाद लिया। भीड़ इतनी अधिक थी कि कई बार पैर रखने तक की जगह नहीं रही।
व्यापारियों और प्रशासन से संतोष
व्यापारियों ने बताया कि मेले के अंतिम दिन हमेशा सबसे अधिक रौनक रहती है और इस बार भी बिक्री अच्छी रही। पंचायत प्रशासन की ओर से की गई माकूल व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
