लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
खुले बदन, मात्र एक चड्डी में झाड़ियों में रोती मिली बच्ची
कठूमर (अलवर) | रिपोर्टर संजीव बंसल |
कठूमर कस्बे के मसारी रोड पर शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जब सड़क किनारे झाड़ियों में दो वर्षीय बच्ची लावारिस हालत में रोती हुई मिली। खुले बदन, मात्र एक चड्डी पहने इस मासूम को देखकर राहगीर और आसपास के लोग सन्न रह गए।
सूचना मिलते ही कठूमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
हैंड कांस्टेबल रघुवीर सिंह ने बताया कि बच्ची के परिजनों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि कोई जानकारी नहीं मिलती है तो उसे चाइल्ड लाइन केयर होम भेजा जाएगा ताकि उसकी उचित देखभाल की जा सके।
राहगीर ने दिखाई मानवता
सुरेंद्र सिंह चौधरी निवासी दुधेरी ने बताया कि वे मसारी से कठूमर की ओर आ रहे थे, तभी सड़क किनारे झाड़ियों में बच्ची को अकेले बैठा और रोते देखा। शंका होने पर उन्होंने आसपास लोगों से पूछताछ की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
खाटू श्याम मंदिर में भीड़ के दौरान छोड़ी गई बच्ची का अनुमान
स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार को मसारी रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के चलते बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। संभावना जताई जा रही है कि किसी अज्ञात महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर बच्ची को सड़क किनारे छोड़ दिया। उसके पास खाने के लिए मूंगफली भी रखी मिली है।
पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और बच्ची के परिजनों का पता लगाने में जुटी है।
मासूम की मासूमियत और लावारिस हालात ने इलाके में गहरी संवेदना और आक्रोश दोनों को जन्म दिया है।
