लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व में दुर्लभ नजारा:
सरमथुरा (धौलपुर)। धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व क्षेत्र के रीछरा जंगलों में वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बेहद दुर्लभ और आकर्षक दृश्य कैमरे में कैद हुआ है। यहां एक मादा भालू अपने दो शावकों को पीठ पर बैठाकर जंगल में सैर करती नजर आई, जिसे देखकर हर कोई आश्चर्यचकित रह गया।
वन विभाग के अनुसार, यह दृश्य प्राकृतिक व्यवहार का अनोखा उदाहरण है, जो बहुत कम देखने को मिलता है। मादा भालू द्वारा अपने बच्चों को इस तरह सुरक्षित रखते हुए घूमना वन्यजीव संरक्षण की सफलता को भी दर्शाता है।
वन विहार एवं धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वर्तमान में भालुओं की अनुमानित संख्या लगभग 25 के आसपास बताई जा रही है। वन विभाग द्वारा इनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि उनके संरक्षण और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
इस दुर्लभ नजारे के सामने आने के बाद वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के दृश्य न केवल जैव विविधता की समृद्धि को दर्शाते हैं, बल्कि वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
