लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष की जयंती पर भाजपा नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ संगठनकर्ता स्व. डॉ. ललित किशोर चतुर्वेदी की जयंती पर रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके संगठनात्मक योगदान और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित जीवन को स्मरण किया।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह और अजीत मांडण, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, वरिष्ठ नेता रवि नैयर, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह-कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि स्व. डॉ. ललित किशोर चतुर्वेदी का व्यक्तित्व संगठन, विचार और राष्ट्रसेवा का अद्भुत संगम था। उन्होंने अपने पूरे सार्वजनिक जीवन में संगठन को सर्वोपरि रखते हुए कार्यकर्ताओं के निर्माण और भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक मजबूती के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि डॉ. चतुर्वेदी का सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासित कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों और मूल्यों का अनुसरण करते हुए भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. ललित किशोर चतुर्वेदी के संगठन कौशल, वैचारिक प्रतिबद्धता और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।