Home latest धूमधाम से मनाया गया दशहरा, पूरा जलने से पहले ही गिरा रावण...

धूमधाम से मनाया गया दशहरा, पूरा जलने से पहले ही गिरा रावण का पुतला

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व उनियारा शहर सहित उपखंड क्षेत्र में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।

शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

नगरपालिका के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमानजी की सजीव शोभायात्रा निकाली गई। यह पुराने राज ठिकाने के गढ़ से शुरू होकर कटला गेट, मुख्य बाजार, न्यू मार्केट, ककोड़ गेट, सरदार सिंह सर्किल होते हुए नए बस स्टैंड स्थित दशहरा मैदान पहुंची।
शोभायात्रा में 2 बैंड, 1 डीजे, 3 विद्यालयों की झांकियां और 4 अखाड़े शामिल हुए। भक्तिमय वातावरण में बैंड पर भजनों की धुन और आतिशबाजी ने लोगों का मन मोह लिया।

सम्मानित किए गए सहयोगी

नगरपालिका की ओर से शोभायात्रा में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोग करने वालों को केसरिया दुपट्टा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

रावण दहन से पहले गिरी रस्सियां

दशहरा मैदान में भगवान राम द्वारा जैसे ही रावण दहन के लिए अग्निबाण छोड़ा गया तो पुतला नहीं सुलगा। बारिश की नमी के कारण कई बार आग लगाने के प्रयास विफल रहे। अंततः पेट्रोल डालकर आग लगाई गई, जिससे पुतला एक ओर से जलना शुरू हुआ। लेकिन रस्सियां जलने से रावण का पुतला पूरा जलने से पहले ही धराशायी हो गया, जिससे दर्शक निराश नजर आए। बाद में रावण बनाने वाले ने शेष हिस्सों को तोड़-तोड़कर जलाया।
इससे पहले कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।

बड़ी संख्या में उमड़ा जनसैलाब

कार्यक्रम में तहसीलदार प्रवीण सैनी, पालिका अध्यक्ष मोनिका गुर्जर, कई गणमान्य लोग, पार्षद और पूर्व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रावण दहन देखने के लिए शहर और आसपास के गांवों से भारी संख्या में महिलाएं और पुरुष पहुंचे।

क्षेत्रभर में धूमधाम

उनियारा उपखंड के अलीगढ़, सोप, चौरू, पचाला, पलाई, ककोड़, बनेठा सहित कई गांवों और कस्बों में भी दशहरा धूमधाम से मनाए जाने की जानकारी मिली है। पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का सख्त प्रबंध किया गया था।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version