लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— धनतेरस पर बर्तनों की बिक्री रही सीमित
कोटपूतली। रोशनी के पर्व दीपावली पर इस बार शहर के बाजारों में चहल-पहल तो दिखी, लेकिन खरीदारी का उत्साह पिछले वर्ष की तुलना में कुछ कम रहा। धनतेरस पर जहां पारंपरिक रूप से लोग नए बर्तन खरीदना शुभ मानते हैं, वहीं इस बार महंगाई का असर ग्राहकों की जेब पर साफ नजर आया।
शहर के मुख्य बाजारों में महिलाओं और ग्रामीण इलाकों से आए लोगों ने बर्तनों, पूजन सामग्री और दीप सजावट की खरीदारी की। श्री दुर्गा बर्तन भंडार के संचालक किशन लाल गुप्ता ने बताया, “धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है, लेकिन इस बार ग्राहकों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में कुछ कम रही। फिर भी लोगों ने अपनी परंपरा को निभाते हुए खरीदारी की है।”
व्यापारियों के अनुसार, सोना-चांदी और इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं की तुलना में बर्तनों की मांग थोड़ी कम रही। हालांकि, शाम होते-होते बाजारों में भीड़ बढ़ने से रौनक लौट आई।
दीपावली नजदीक आने के साथ ही मिठाई, कपड़ों और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ रही है। व्यापारियों को उम्मीद है कि अगले दो दिनों में बिक्री में तेजी आएगी और त्योहार का माहौल और भी खुशनुमा बनेगा।