लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महिला सशक्तिकरण और संस्कार निर्माण पर दिया गया जोर
डीग | अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में सोमवार को गायत्री मंदिर परिसर में नारी जागरण सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका, परिवार निर्माण, संस्कार और समाज के विकास में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन की अध्यक्षता प्रधानाचार्या रजनी मुद्गल ने की, जबकि गायत्री परिवार नदबई की संतोष मुख्य वक्ता रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता संतोष ने कहा कि नारी जागरण का उद्देश्य महिलाओं को समाज निर्माण की अग्रणी शक्ति के रूप में स्थापित करना, उन्हें आध्यात्मिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि नारी सृजन और निर्माण की आधारशिला है, जो अपने संस्कारों से परिवार और समाज का भविष्य तय करती है।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण के चार प्रमुख आधार शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और संस्कार बताते हुए कहा कि एक मां अपने विचारों, व्यवहार और संस्कारों के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व और दृष्टिकोण का निर्माण करती है।
प्रधानाचार्या रजनी मुद्गल ने कहा कि नारी परिवार की धुरी है और समाज निर्माण में उसकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक परिवार को पंचवटी विकसित करने का आह्वान किया।
प्रिय सखी संगठन की संस्थापिका मोनिका जैन ने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कारों की नींव नारी ही रखती है। वहीं रोशनी महिला मंडल की संस्थापिका मीरा ने शिक्षित महिलाओं को समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा सिंह ने नारी शक्ति पर आधारित कविता प्रस्तुत की। पूर्व प्रधानाचार्या पुष्पा उपाध्याय ने महिलाओं से मोबाइल फोन का उपयोग ज्ञानवर्धन और सकारात्मक कार्यों के लिए करने की अपील की।
जिला समन्वयक बृजभूषण शर्मा ने बताया कि 28 जुलाई को गायत्री मंदिर में अखंड जप तथा 29 जुलाई को पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन के समापन पर दीप यज्ञ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के जिला संयोजक बृजेंद्र शर्मा, तहसील संयोजक मुकेश सिंह राजपूत, गायत्री शक्तिपीठ नदबई की टोली सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वीना मुद्गल ने किया।
