लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़/डग (सुनील निगम)। झालावाड़ जिले के डग नगर में भीषण गर्मी के बीच जल संकट ने विकराल रूप ले लिया है। पुलिस थाने के पीछे स्थित वार्ड नंबर 1 की विवेकानंद कॉलोनी में करीब 15 परिवार पिछले 15 दिनों से पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि घरों के नलों में एक बूंद तक पानी नहीं आ रहा।
स्थानीय निवासी राकेश गोयल ने बताया कि पानी की किल्लत के कारण उन्हें रोजाना आसपास के क्षेत्रों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की भारी बर्बादी हो रही है। वहीं, उमा गोयल सहित अन्य रहवासियों ने बताया कि समस्या की सूचना कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी ने लोगों की दैनिक जीवनचर्या को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पीने के पानी से लेकर अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है। प्रशासन की उदासीनता को लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
गौरतलब है कि विवेकानंद कॉलोनी में लोग पिछले 10 वर्षों से निवास कर रहे हैं, लेकिन अब तक यहां मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह विकसित नहीं हो सकी हैं। कॉलोनी में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा का भी अभाव है, जिससे बरसात के समय स्थिति और भी बदतर हो जाती है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल करने और कॉलोनी में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देता है और क्षेत्रवासियों को राहत मिल पाती है।