लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शनिवार को आदिवासी चेतना के प्रतीक, महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं बल्कि आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और संरक्षण के लिए संघर्ष करने वाले महान समाज सुधारक थे। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन और अन्यायपूर्ण प्रथाओं के खिलाफ उनका संघर्ष भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।
राठौड़ ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें बिरसा मुंडा के विचारों के अनुरूप आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे भगवान बिरसा मुंडा की देशभक्ति, आदर्शों और संघर्ष की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।