Home latest भरतपुर में राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ का प्रदेश स्तरीय अधिवेशन आयोजित

भरतपुर में राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ का प्रदेश स्तरीय अधिवेशन आयोजित

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भरतपुर। राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ का त्रैवार्षिक प्रदेश स्तरीय अधिवेशन रविवार को भरतपुर स्थित बीडीए ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. अरुण चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अधिवेशन में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक महेंद्र सिंह मग्गो, कर्मचारी महासंघ के प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष हरवीर चौधरी के नेतृत्व में अतिथियों का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

अधिवेशन के दौरान कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 23 सूत्रीय मांग पत्र राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी को सौंपा। इस पर उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित समाधान के प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं, वेतन विसंगतियों, सेवा संबंधी मुद्दों तथा सरकारी नीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए नियमित रूप से ऐसे अधिवेशनों का आयोजन किया जाता है।

अधिवेशन में प्रदेशभर से आए विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों की आवाज को संगठित मंच प्रदान करना तथा उनके हितों की रक्षा के लिए प्रभावी संवाद स्थापित करना रहा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version